अररिया में विकास कार्यों को मिली गति: प्रगति यात्रा की घोषणाओं के लिए करोड़ों की स्वीकृति
मुख्यमंत्री की प्रगति यात्रा के दौरान अररिया जिले के लिए की गई घोषणाओं को अमलीजामा पहनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। विभिन्न योजनाओं के तहत करोड़ों रुपये की राशि स्वीकृत की गई है, जिससे जिले के बुनियादी ढांचे और सुविधाओं का विकास किया जाएगा।
इसी संदर्भ में समाहरणालय स्थित आत्मन सभागार में जिला पदाधिकारी श्री अनिल कुमार की अध्यक्षता में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। उन्होंने बताया कि जिले में राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय के निर्माण एवं जिला अस्पताल के सुदृढ़ीकरण हेतु ₹401.78 करोड़ की राशि स्वीकृत की गई है। इससे जिले के निवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ मिलेंगी।
सड़क एवं यातायात व्यवस्था को मजबूती
- सैफगंज-सुकैला मोड़-भरगामा पथ (26.666 कि.मी.) के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण के लिए ₹92.82 करोड़ की स्वीकृति दी गई है।
- अररिया-कुर्सीकांटा-कुआड़ी-सिकटी पथ (34.509 कि.मी.) के लिए ₹152.07 करोड़ का आवंटन किया गया है।
- फारबिसगंज-बथनाहा स्टेशन (कटिहार-जोगबनी रेलखंड) पर L.C No- KJ-65 के स्थान पर सड़क ओवरब्रिज (आर.ओ.बी) निर्माण हेतु ₹115.64 करोड़ की स्वीकृति दी गई है।
पर्यटन और सांस्कृतिक विकास को बढ़ावा
- बाबा सुन्दरनाथ धाम को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने हेतु ₹14.10 करोड़ की मंजूरी मिली है।
- 620 व्यक्तियों की क्षमता वाले अटल कला भवन के निर्माण के लिए ₹19.73 करोड़ का आवंटन किया गया है।
प्रशासनिक सुविधाओं में सुधार
- अररिया, कुर्साकांटा, नरपतगंज, फारबिसगंज, भरगामा, रानीगंज और सिकटी प्रखंडों में प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय भवनों के निर्माण के लिए ₹116.34 करोड़ की राशि स्वीकृत की गई है।
जिला प्रशासन ने आश्वस्त किया कि इन परियोजनाओं का कार्य शीघ्र प्रारंभ होगा और जिले को विकास की नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने का प्रयास किया जाएगा।